खीरी में तेंदुए की दस्तक से दहशत, 10 दिन बाद भी पिंजरा खाली, खेतों में मिले ताजे पगचिह्न

WhatsApp Channel Join Now
खीरी में तेंदुए की दस्तक से दहशत, 10 दिन बाद भी पिंजरा खाली, खेतों में मिले ताजे पगचिह्न


लखीमपुर खीरी, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गोला वन रेंज के अंतर्गत आने वाले तनसुख पुरवा गांव में तेंदुए की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में भारी दहशत और भय का माहौल बना हुआ है। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्हें मिट्टी पर तेंदुए के एकदम ताजे और स्पष्ट पगचिह्न (पदचिह्न) दिखाई दिए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इन निशानों से इस बात की पुष्टि हो गई है कि तेंदुआ पिछले करीब 10 दिनों से इसी गांव के इर्द-गिर्द लगातार मंडरा रहा है और रात के समय मवेशियों के बाड़े के पास भी उसकी आवाजें सुनी जा रही हैं।

ग्रामीणों की सटीक सूचना पर तुरंत वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और पगचिह्नों की जांच कर उनके तेंदुए के ही होने की पुष्टि की। हालांकि, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी है, क्योंकि शिकायत के बाद करीब 10 दिन पहले गांव के पास लगाए गए पिंजरे अभी तक खाली हैं। तेंदुए की बढ़ती चहल-कदमी को देखते हुए वन विभाग ने अब क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाकर अपनी निगरानी बढ़ा दी है।

रेंज अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम अकेले सुनसान रास्तों या खेतों में जाने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों को घरों में सुरक्षित रखें। वन विभाग ने जल्द ही अतिरिक्त टीम बुलाकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

Share this story