किसान के खेत में तेंदुए के दो शावक मिलने से ग्रामीणों में दहशत
मुरादाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना कांठ क्षेत्र के गांव ग्राम भागीजोत में बुधवार को एक किसान के खेत में तेंदुए के दो शावक मिलने से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं।
थाना कांठ के ग्राम भागीजोत निवासी किसान अनिल कुमार के खेत में आज शाम 06 बजे के लगभग तेंदुए के दो शावक दिखाई दिए तो लोगों ने मामले की जानकारी खेत मालिक को दी। इसके बाद दर्जन भर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने तेंदुए के शावक पकड़ लिए। इसके बाद पीआरबी पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
डीएफओ अविनाश पांडेय ने बताया कि सूचना के बाद पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग के डिप्टी रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और तेंदुए के शावक अपने कब्जे में ले लिए। वहीं घटनास्थल के आसपास घूमकर वन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

