बच्चों को कार नहीं अच्छे संस्कार दिलाएं: पंडित प्रदीप मिश्रा
- रविवार को शामिल होंगें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
रायबरेली,12 सितम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि अभिभावक अपने कार नहीं बच्चों को अच्छे संस्कार दिलाएं। उन्होंने कहा बच्चों को संस्कार दोगे तो बच्चे कारों की लाइन लगा देंगे। पंडित प्रदीप मिश्रा रायबरेली के इटौरा बुजुर्ग में चल रही कथा के दूसरे दिन ये बातें कहीं।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने दिल्ली के जेन-जी प्रोटेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित गाली-गलौज को लेकर युवाओं के संस्कारों पर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित किसी को भी अपशब्द कह देना अच्छे संस्कार नहीं हो सकते हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि ‘आज देखिए, क्या हो रहा है? कहीं न कहीं हमारे बच्चे संस्कारों से दूर हो रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले हमने दिल्ली का नजारा देखा था। क्या संस्कार थे? प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी व श्रेष्ठ लोगों अपशब्द कहे जा रहे हैं। क्या इसे संस्कार कहेंगे?’
आचार्य ने कहा कि मां प्रथम गुरु है,पिता द्वितीय गुरु और शिक्षक तृतीय गुरु होता है। चौथा गुरु सद्गुरु होता है जिससे दीक्षा ली जाती है। माँ बचपन बचपन सुधारती है और पिता जवानी, शिक्षक भविष्य सुधार देता है और सद्गुरु लोक और परलोक सुधार देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाओ, खूब पढ़ाओ क्योंकि शिक्षा के बिना सब कुछ अधूरा है, लेकिन एक बात का ध्यान रखो कि संस्कार बहुत जरूरी है। बच्चों को यदि अच्छे संस्कार नहीं मिले तो उसका कोई फ़ायदा नहीं। संस्कार से ही जीवन सफ़ल हो सकता है। कथा में भारी भीड़ उमड़ रही है। आज नगर विकास व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया सहित कई वरिष्ठ नेता व अधिकारियों ने कथा में प्रतिभाग किया।आयोजक मंत्री मनोज पांडे ने सभी का स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि 11 सितम्बर से चल रही सात दिवसीय कथा में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम है। इसके अतिरिक्त 14 सितम्बर को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, 15 को तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल, 16 को जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गर्वनर मनोज सिन्हा कथा में शामिल होंगें।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

