प्रदेश की सभी 372 ग्रामीण विधानसभाओं में बनेंगे पंचायत उत्सव भवन

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश की सभी 372 ग्रामीण विधानसभाओं में बनेंगे पंचायत उत्सव भवन


लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश की सभी 372 ग्रामीण विधानसभाओं में पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीण परिवारों को विवाह, मुंडन एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सस्ती, सुलभ एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांवों में भी शहरों की तर्ज पर आधुनिक सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को मांगलिक आयोजनों के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

पंचायती राज मंत्री श्री राजभर ने गुरूवार को जारी बयान में बताया कि योजना के अंतर्गत प्रदेश की 220 ग्रामीण विधानसभाओं में पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण की प्रक्रिया प्रचलित है, जबकि प्रथम चरण में 71 स्थानों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए निविदा प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी पात्र ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से पंचायत उत्सव भवनों का निर्माण सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही गांवों में आधुनिक सामुदायिक आधारभूत संरचना का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण में अपने पारिवारिक और सामाजिक आयोजन संपन्न करने का अवसर मिले।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story