फर्रुखाबाद : पांचाल घाट पुल पर 10 दिन चलेगी मरम्मत कार्य, यातायात रहेगा प्रभावित
फर्रुखाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर स्थित पांचाल घाट गंगा पुल पर मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है, जो अगले 10 दिनों तक चलेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पुल के एक्सपेंशन ज्वॉइंट को बदलने और ठीक करने का काम शुरू करने जा रहा है। इसको देखते हुए पुल से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही पर प्रभाव पड़ेगा। इसे लेकर पुलिस विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
इस संबंध में बुधवार रात पुलिस की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मरम्मत के दौरान पुल का एक हिस्सा आंशिक रूप से संकरा रहेगा। इसके कारण वाहनों की गति धीमी हो सकती है और जाम लगने की पूरी संभावना है। यदि आपको इस मार्ग से गुजरना है, तो अपने गंतव्य के लिए पर्याप्त समय पहले घर से निकलें। निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का सख्ती से पालन करें। पुल पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और ओवरटेक करने से बचें। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को बताया कि सभी नागरिकों से अपील की कि वे संयम और धैर्य बनाए रखें ताकि यह मरम्मत कार्य सुरक्षित और समय पर पूरा हो सके। आपकी थोड़ी सी सावधानी और सहयोग बड़ी असुविधा से बचा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

