एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी: डीएम


बाराबंकी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित की गई। उन्हाेंने अधिकारियों और क्रय केंद्र प्रभारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से खरीद कराने तथा लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि धान बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बोरे, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का समय से निस्तारण किया जाए। खरीद में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

धान खरीद के लिए किसानों के पंजीकरण में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए, ताकि किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकें। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

79 क्रय केंद्र स्वीकृत, 42 और प्रस्तावित

जिले में धान खरीद के लिए 79 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 42 अन्य केंद्र प्रस्तावित हैं। सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में धान खरीद एक नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story