हाथरस में 29 मार्च को होगी पांच लाख की इनामी कुश्ती, कई राज्यों के पहलवान दंगल में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में 29 मार्च को होगी पांच लाख की इनामी कुश्ती, कई राज्यों के पहलवान दंगल में होंगे शामिल


हाथरस, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 29 मार्च को बिसावर में वीर गोकुला जाट की स्मृति में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। पथवारी मंदिर परिसर में होने वाले इस दंगल की अंतिम कुश्ती के लिए 5 लाख रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया है।

दंगल आयोजन को लेकर क्षेत्र में अभी से उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दंगल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे।

कुश्ती आयोजन को लेकर दंगल कमेटी के पदाधिकारियों ने बुधवार को एक बैठक आयोजित की। बैठक में ब्रज केसरी सचिन पहलवान सहित क्षेत्र के वरिष्ठ लोगों और कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया।

सचिन पहलवान ने बताया कि यह दंगल वर्षों से आयोजित होता आ रहा है और पथवारी मेले का प्रमुख आकर्षण है, जो एकादशी के अवसर पर होता है। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री 1008 श्री श्रद्धानन्द जी महाराज के हाथों फीता

काटकर किया जाएगा।

आयोजकों ने पहलवानों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं, ताकि बाहर से आने वाले पहलवानों को कोई असुविधा न हो।

बैठक में रामबाबू पहलवान, नरेंद्र चौधरी, राधारमण अग्रवाल, बंटू गौतम, वीरेंद्र चौधरी, योगेंद्र चौधरी, लोकेंद्र चौधरी, कृष्णा चौधरी, अभिषेक चौधरी, गजराज ठाकुर, मनोज पंडित, बबलू पहलवान, दिलीप पंडित, आमिर खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पारंपरिक दंगल का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story