किड्स कार्निवाल में 400 से अधिक बच्चों ने उठाया लजीज व्यंजनों और रोमांचक खेलों का लुत्फ

WhatsApp Channel Join Now
किड्स कार्निवाल में 400 से अधिक बच्चों ने उठाया लजीज व्यंजनों और रोमांचक खेलों का लुत्फ


जादूगर की कलाकारी ने मोहा सबका मन

मथुरा, 18 अक्टूबर(हि.स.)। सामाजिक संस्था अन्नपूर्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य किड्स कार्निवाल (बच्चों का मेला) का आयोजन किया गया। इस अनूठे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस आयोजन में स्ट्रीट स्कूल के लगभग 400 बच्चों ने हिस्सा लिया और अपनी पसंद के लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा।

कार्निवाल के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष तैयारियां की गईं थीं। कार्यक्रम में आकर्षक उपहार (गिफ्ट्स) पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बच्चों के खेलने के लिए एक विशेष गेम जोन तैयार किया गया था, जहाँ उन्होंने विभिन्न प्रकार के खेलों का आनंद लिया। इसके अलावा, ऊंट और घोड़े की सवारी ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण जादूगर की प्रस्तुतियां रहीं, जिन्हें देखकर वहां मौजूद सभी अतिथि और बच्चे मंत्रमुग्ध होकर तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। बच्चों की यह खुशी और उत्साह कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता रही। इस शानदार समारोह में शहर के कई प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित लोग अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य रूप से रविकांत गर्ग सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा विवेक अग्रवाल (जीएलए) राजीव गर्ग विजय बटा लोकेश गर्ग नवीन मित्तल प्रदीप गोस्वामी आदि मौजूद रहे। अन्नपूर्णा फाउंडेशन के इस प्रयास ने न केवल विश्व खाद्य दिवस को बच्चों के लिए यादगार बना दिया, बल्कि वंचित वर्ग के इन नन्हे बच्चों को खुशियों से भरा एक बेहतरीन दिन भी सौंपा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story