मुरादाबाद में 27 सितंबर को होगा कजरी महोत्सव : अपर जिलाधिकारी नगर

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में 27 सितंबर को होगा कजरी महोत्सव : अपर जिलाधिकारी नगर


मुरादाबाद, 24 सितम्बर (हि.स.)। पारंपरिक लोकगीत कजरी गायन की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को संरक्षित करने तथा इसे आगामी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 27 सितंबर (रविवार) को सांय 04 बजे से मुरादाबाद शहर स्थित पंचायत भवन सभागार में कजरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कजरी महोत्सव का आयोजन वृंदावन शोध संस्थान, वृंदावन, मथुरा द्वारा किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी नगर ने आगे बताया कि महोत्सव के माध्यम से कजरी गायन की पारंपरिक शैली, लोक संस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कजरी उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक संगीत परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सावन-भादों की ऋतु, लोक जीवन, प्रकृति और सामाजिक भावनाओं से जुड़ी कजरी गायन शैली का ग्रामीण एवं लोक संस्कृति में विशेष महत्व रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक लोक कलाओं और कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में भी सहायता मिलेगी।

अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि ने आमजन अधिक से अधिक संख्या में कजरी महोत्सव में सहभागिता कर लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कला के संरक्षण और संवर्धन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story