संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : शिवराम सिंह

WhatsApp Channel Join Now
संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : शिवराम सिंह


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। सभी विभाग और प्रकोष्ठ अपने-अपने स्तर पर टीम गठन तेजी से कार्य पूरा करें। हर कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से ही विचार और योजनाएं जन-जन तक पहुंचेंगी। मंडल स्तर तक मजबूत संरचना बनाना आवश्यक है। सभी दायित्व निष्ठा और समर्पण के साथ निभाए जाएं। यह बातें गुरुवार को भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही।

दक्षिण जिला कार्यालय में आयोजित इस बैठक में संगठन को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना रहा।

जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने विभागों और प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों से मंडल स्तर तक टीम गठन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन से ही पार्टी की नीतियों और योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है।

बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, केपी सिंह चौहान, ओपी त्रिवेदी, आरपी कटियार, नरेश अग्रहरि, संजय बाजपेई, तेज बहादुर सिंह और आनंद सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story