व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर करेगा संघर्ष : बनवारीलाल कंछल

WhatsApp Channel Join Now
व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर करेगा संघर्ष : बनवारीलाल कंछल


जौनपुर,25 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारीलाल कंछल ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए संगठन हमेशा संघर्षरत रहेगा। व्यापारियों की हर जायज समस्या का समाधान कराने के लिए शासन और प्रशासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।शनिवार को नगर के एक होटल में आयोजित जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की विशेष बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बनवारीलाल कंछल ने जनपद की विभिन्न तहसीलों, नगरों और बाजार इकाइयों से आए पदाधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह 'इंदु' ने की।बैठक में व्यापारियों ने बाजारों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, सुरक्षा व्यवस्था की कमी, अतिक्रमण, यातायात जाम, बिजली, साफ-सफाई, जिला पंचायत द्वारा लगाए जा रहे मनमाने शुल्क, खाद्य विभाग की सैंपलिंग के नाम पर कथित उत्पीड़न तथा जीएसटी रिटर्न से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर कंछल ने भरोसा दिलाया कि संगठन व्यापारियों के हर मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह 'इंदु' ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यापारी समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को गांव और बाजार स्तर तक मजबूत करने की अपील की।बैठक में प्रांतीय मंत्री शकील अहमद, जिला संगठन मंत्री अब्दुल हक अंसारी, विजय गुप्ता, मुकेश चंद्र जायसवाल, संजय यादव, अरुण कमलापुरी, जीवन लाल अग्रहरि, डॉ. नरसिंह, लल्लन प्रताप सिंह, इकराम अंसारी, पवन गुप्ता सहित सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर शाहगंज तहसील के पटैला बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी विनोद सेठ को संगठन का प्रांतीय मंत्री मनोनीत किया गया।बैठक से पूर्व जनपद आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष बनवारीलाल कंछल का जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह 'इंदु' ने बुके भेंट कर स्वागत किया। नगर सीमा पर नगर अध्यक्ष घनश्याम साहू, महामंत्री आलोक रंजन सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष उमेशचंद गुप्त तथा त्रिलोचन इकाई के अध्यक्ष आलोक वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनका भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री आरिफ हबीब ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story