प्रधानमंत्री की जनहित अपील को विपक्ष समझना नहीं चाहता : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की जनहित अपील को विपक्ष समझना नहीं चाहता : प्रकाश पाल


कानपुर, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में जनता से की गई अपील को विपक्ष जानबूझ कर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव जैसे नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सोना कम खरीदने और ईंधन का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करने की बात देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कही है। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

प्रकाश पाल ने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के समय सरकारें हमेशा जनता से सहयोग मांगती रही हैं। वर्ष 1967 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी इसी प्रकार की अपील की थी। वहीं वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने लोगों से सोना कम खरीदने का अनुरोध किया था। उस समय पेट्रोल और डीजल की खपत नियंत्रित करने के लिए रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखने तक के फैसले लिए गए थे।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को राष्ट्रहित से कोई लेना-देना नहीं है। उनका उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करना रह गया है। यदि विपक्ष के पास सम्भावित आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए कोई ठोस और व्यवहारिक सुझाव है तो उसे देश के सामने रखना चाहिए, लेकिन विपक्ष केवल भ्रम और डर फैलाने का काम कर रहा है।

प्रकाश पाल ने कहा कि किसी भी सम्भावित आर्थिक संकट से पहले जनता को जागरूक करना जिम्मेदार सरकार का कर्तव्य होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करते हैं और देश की जनता विपक्ष की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story