ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो किशोरियों को जीआरपी ने परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो किशोरियों को जीआरपी ने परिजनों से मिलाया


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली दो किशोरियों को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत मंगलवार को बरामद कर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दोनों किशोरियां आजमगढ़ जिले की रहने वाली हैं और कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मिली थीं।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि मंगलवार को स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग के दौरान दो किशोरियां संदिग्ध अवस्था में बैठी मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पिता की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए कानपुर चली आई थीं।

जीआरपी ने दोनों किशोरियों को महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित रखा और उचित माध्यम से उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उनके भाई सतीश कुमार थाने पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

आगे उन्होंने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मिले गुमशुदा अथवा घर से निकले बच्चों को सुरक्षित संरक्षण देकर उनके परिजनों से मिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story