रेलवे सुरक्षा बल का ऑपरेशन ‘नन्हे फरिस्ते’ बना बच्चों का सुरक्षा कवच

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे सुरक्षा बल का ऑपरेशन ‘नन्हे फरिस्ते’ बना बच्चों का सुरक्षा कवच


--जून तक 315 बच्चों को सुरक्षित परिजनों एवं संबंधित संस्थाओं को सौंपा गया

प्रयागराज, 17 जून (हि.स)। मंडल रेल प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आज़ाद के नेतृत्व में प्रयागराज मंडल का रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संचालित ऑपरेशन ‘नन्हे फरिस्ते’ के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अकेले, लापता, भटके हुए अथवा संकटग्रस्त बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जनवरी से 15 जून तक कुल 315 बच्चों को रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिक्षेत्र से सुरक्षित बचाया गया। इन बच्चों में ऐसे बालक एवं बालिकाएं शामिल थे जो अपने परिजनों से बिछड़ गए थे, घर से भटककर रेलवे परिसर पहुंच गए थे अथवा अन्य कारणों से असुरक्षित स्थिति में पाए गए थे।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को स्टेशन-वार बचाए गए बच्चों का विवरण जानकारी देते हुए बताया कि मिर्जापुर में 92 लड़के-22 लड़कियां कुल 114 बच्चे, कानपुर सेंट्रल में 23 व 28 कुल 51 बच्चे, प्रयागराज जंक्शन 19-26 कुल 45, अलीगढ़ 9-10 कुल 19, टूंडला 7-11 कुल 18, फतेहपुर 11-4 कुल 15, प्रयागराज छिवकी 7-2 कुल 9, मानिकपुर 7 लड़के, सूबेदारगंज 6-1 कुल 7, नैनी 3-3 कुल 6, इटावा 5 लड़के, खुर्जा 3-2 कुल 5, चुनार 1-2 कुल 3, जीएमसी 3 लड़कियां, हाथरस 2-1 कुल 3, दादरी 1-1 कुल 2, पनकी धाम 1-1 कुल 2 तथा फफूंद 1 लड़की रही। इस प्रकार कुल 197 लड़के व 118 लड़कियां यानि कुल 315 बच्चे रहे।

पीआरओ ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बच्चों को आवश्यक देखभाल एवं सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके परिजनों का पता लगाया गया। सत्यापन एवं नियमानुसार कार्यवाही के बाद बच्चों को उनके परिजनों या चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया गया। रेलवे सुरक्षा बल का यह अभियान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मानव तस्करी, बाल श्रम एवं अन्य सामाजिक अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रेलवे प्रशासन सभी से अपील करता है कि यदि किसी बच्चे को रेलवे स्टेशन अथवा ट्रेन में संदिग्ध देखें तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम रेलवे कर्मचारी को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story