मुरादाबाद रेल मंडल में त्यौहारों पर हो रहा है 86 विशेष ट्रेनों का संचालन

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद रेल मंडल में त्यौहारों पर हो रहा है 86 विशेष ट्रेनों का संचालन


मुरादाबाद रेल मंडल के नियंत्रक कक्ष में स्थापित वार रूम से स्टेशनों एवं गाड़ियों की 24x7 घंटे की जा रही है निगरानी

मुरादाबाद, 05 नवम्बर (हि.स.)। धनतेरस, दीपावली, भाई दूज एवं छठ पूजा के पर्व पर मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त मुरादाबाद रेल मंडल में कुल 86 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से 09 विशेष ट्रेनें मुरादाबाद मंडल से ओरिजिनेट हो रही हैं।

सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि यात्रियों की आवश्यकता एवं भीड़ को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही मंडल में संचालित 19 ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा एवं अतिरिक्त मांग को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही आरपीएफ, जीआरपी एवं टिकट चेकिंग स्टाफ को स्टेशन परिसर में विशेष सतर्कता बरतने तथा यात्रियों की सहायता एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल नियंत्रक कक्ष में स्थापित वार रूम के द्वारा मंडल के स्टेशनों एवं गाड़ियों की 24x7 निगरानी की जा रही है।

टिकट बुकिंग की बेहतर सुविधा :

सीनियर डीसीएम यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख स्टेशनों पर आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है। जिसके लिए मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की गई है I

डिजिटल माध्यम से टिकट उपलब्ध

यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट उपलब्ध कराने के लिए स्टेशनों पर रेलवन ऐप के क्यूआर कोड लगाए गए हैं। हेल्प डेस्क के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग, टिकट बुकिंग एवं यात्रा संबंधी जानकारी प्रदान कर रहे हैं। मंडल के स्टेशनों पर स्थापित एटीवीएम मशीनों द्वारा यात्रीगण आसानी से अपना अनारक्षित यात्रा टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत रेलवे सुरक्षा बल स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त आरपीएफ का डॉग स्क्वायड दस्ता एवं जीआरपी भी यात्रियों की सुरक्षा एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए तैनात रहेगी।

यात्रियों से विशेष अपील

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि इस अवसर पर मैं अपने सभी सम्मानित रेल यात्रियों से अपील करना चाहूंगा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की ज्वलनशील अथवा प्रतिबंधित सामग्री अपने साथ लेकर न चलें। रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर विश्वास न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story