मंदिर न जाने वाले ही धर्म पर राजनीति कर रहे : रवीन्द्र जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
मंदिर न जाने वाले ही धर्म पर राजनीति कर रहे : रवीन्द्र जायसवाल


कानपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। कुछ लोग धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को राजनीतिक रंग देने का काम करते हैं। जो स्वयं मंदिरों में नहीं जाते और जिनकी पीढ़ियां भी आस्था से दूर रही हैं, वही ऐसे मुद्दों को अनावश्यक रूप से तूल देते हैं। यह बातें रविवार को राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) स्टाम्प, पंजीयन व न्यायालय शुल्क उत्तर प्रदेश रवीन्द्र जायसवाल ने कही।

सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए वाराणसी प्रकरण पर बताया कि बनारस प्रदेश का प्रमुख धार्मिक और दैविक स्थल है, जहां सीएसआर फंड के माध्यम से दो श्मशान घाटों का नवीनीकरण कार्य चल रहा है। इसी दौरान मणिकर्णिका घाट के बाहर दीवार से लगी अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति कार्य के चलते अस्थायी रूप से हट गई।

उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मूर्ति को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखवा दिया गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद वहां एक भव्य मंदिर का निर्माण कर अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति को विधिवत पुनः स्थापित किया जाएगा।

रवीन्द्र जायसवाल ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह अधूरी जानकारी के आधार पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि सरकार विरासत और श्रद्धास्थलों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story