नशा मुक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत : स्वामी मोक्षानंद सरस्वती
मुरादाबाद, 7 अगस्त (हि.स.)। आर्य समाज महानगर रेलवे हरथला कॉलोनी, मुरादाबाद के संस्था भवन में शुक्रवार को नगर वेद प्रचार कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ के ब्रह्मा आर्य समाज के राष्ट्रीय प्रचारक स्वामी मोक्षानंद सरस्वती ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत का निर्माण करेंगे। मुख्य यजमान विभूति सिंह एवं आदित्य सिंह रहे।
यज्ञ के उपरांत खुटार, जनपद शाहजहांपुर से पधारे आर्य भजनोपदेशक संत कुमार आर्य ने ईश्वर भक्ति के भजनों के माध्यम से मनुष्य के जीवन के उद्देश्य एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य का जन्म सभी जीवों में श्रेष्ठ है। इसलिए मनुष्य को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए सद्कर्मों के मार्ग पर चलना चाहिए।
उन्होंने आर्य समाज के दूसरे नियम की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर सर्वव्यापक, अजर, अमर, नित्य, पवित्र एवं सृष्टिकर्ता है। ईश्वर हर स्थान पर विद्यमान है और मनुष्य को उसके कर्मों के अनुसार ही फल प्राप्त होता है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति, युवा संकल्प एवं विकसित भारत विषय पर दुष्यंत कुमार सिंह और आदित्य सिंह ने अपने विचार रखे। इसके बाद आर्य समाज के राष्ट्रीय प्रचारक स्वामी मोक्षानंद सरस्वती ने नशा मुक्ति एवं युवा संकल्प अभियान पर विस्तार से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन का उद्देश्य अपने वर्तमान को सही दिशा देकर भविष्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान आर्य राम लच्छी यादव ने की तथा संचालन संस्था के मंत्री संजय कुमार आर्य ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

