विश्व पर्यावरण दिवस : बीएमबीएल जैन सेवा न्यास ऑनलाइन पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करेगा आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व पर्यावरण दिवस : बीएमबीएल जैन सेवा न्यास ऑनलाइन पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करेगा आयोजित


मुरादाबाद, 24 मई (हि.स.)। बाबू मुकुट बिहारी लाल (बीएमबीएल) जैन सेवा न्यास मुरादाबाद की बैठक रविवार को बुद्धि विहार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए न्यास अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने बताया कि बीएमबीएल जैन सेवा न्यास विश्व पर्यावरण दिवस पर ऑनलाइन पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण तथा विशेष रूप से युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि न्यास द्वारा पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन पर्यावरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

बीएमबीएल जैन सेवा न्यास के सचिव नमन जैन ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता 07 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। प्रतियोगिता का लिंक न्यास की वेबसाइट www.bmbljaintrust.com पर उपलब्ध रहेगा। परीक्षा के लिए लिंक दोपहर 3 बजे से सायं 4 बजे तक सक्रिय रहेगा तथा प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि में प्रश्नों के उत्तर देकर शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। प्रतियोगिता में केवल पूर्व-पंजीकृत प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे। एक मोबाइल नंबर एवं एक ईमेल आईडी से केवल एक प्रविष्टि मान्य होगी। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी, जिसका उद्देश्य समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।

प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये, तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये तथा चार सांत्वना पुरस्कार 1,100-1,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि विजेताओं के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।

बैठक में अलका जैन, अमन जैन एडवोकेट, सम्भव जैन, अभिनय जैन, प्रिया जैन, राशि जैन सहित न्यास के अनेक प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story