विकसित भारत बनाने में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका : मंत्री ए.के.शर्मा
लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा “विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए स्वच्छ, सतत एवं किफायती ऊर्जा” विषय पर आयोजित बैठक में वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, विश्वसनीय एवं किफायती विद्युत आपूर्ति, विद्युत ग्रिड के आधुनिकीकरण तथा ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने, नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार करने तथा नागरिकों को विश्वसनीय और किफायती बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करना, आधुनिक तकनीक अपनाना और विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाना आवश्यक है। ऊर्जा संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन देकर प्रदेश में एक सक्षम और आधुनिक ऊर्जा व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि ऊर्जा संक्रमण को प्रभावी बनाने के लिए राज्यों के बीच समन्वय, अनुभवों का आदान-प्रदान और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां तैयार करना महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश स्वच्छ, सतत एवं किफायती ऊर्जा व्यवस्था के विकास के माध्यम से विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प में प्रभावी योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

