दूल्हा हत्याकांड : एक लाख के इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने पुलिस को चकमा देकर न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
जौनपुर,09 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में चर्चित दूल्हा हत्याकांड में नामजद एक लाख रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने पुलिस की गिरफ्त से पहले शुक्रवार को नाटकीय ढंग से दीवानी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में सरेंडर की सूचना मिलते ही मृतक दूल्हे आजाद बिंद के परिजनों में मायूसी छा गई। उनका कहना है कि वे चाहते थे कि आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करे और कानून के दायरे में उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।विदित हो कि 1 मई 2026 को खेतासराय थाना क्षेत्र के मानेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से दूर रहा। आखिरकार प्रदीप बिंद ने पुलिस के हाथ लगने से पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।वहीं, न्यायालय परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदीप बिंद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया। उसने कहा कि मैं पूरी तरह निर्दोष हूं। मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। आज तक न मैंने आजाद बिंद को देखा है और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य को जानता हूं। अगर व ह लड़की कहीं भी ये मैसेज दिखा दे तो इस घटना की जिम्मेदारी ले लूंगा उनको हम जानते ही नहीं।हत्या किसने की, यह जिला प्रशासन और पुलिस पता लगाए। मामले की सुनवाई न्यायालय में विचाराधीन है। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

