आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली ने मारी टक्कर एक की मौत
बाराबंकी, 02 मार्च (हि.स.) जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है।
सोमवार की देर शाम कस्बा रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी एक निवासी 25 वर्षीय गौरी शंकर यादव पुत्र सहज राम यादव किसी कार्य से मरकामऊ बाइक से जा रहा था। जब वह ग्राम नथना पुल के पास पंहुचा उसी समय आलू लदी ट्रैक्टर ट्राली के जोरदार टक्कर से गौरी शंकर बाइक सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रामनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव को आवश्यक लिखा पढ़ी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना कारित करने वाले ट्रैक्टर ट्राली व चालक को पकड़ लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

