दो मोटरसाइकिलें भिड़ीं, एक की मौत ,दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो मोटरसाइकिलें भिड़ीं, एक की मौत ,दो घायल


बलरामपुर 28 जून (हि.स.)। जनपद में तुलसीपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर -बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर लगभग 3:30 बजे ग्राम निबोरिया स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक थाना महाराजगंज तराई क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय शमशाद और 20 वर्षीय इकबाल पुत्र जाहिद चौधरी पल्सर मोटरसाइकिल से तुलसीपुर की ओर आ रहे थे। दूसरी तरफ से ग्राम लाला जोत निवासी हरिराम पुत्र कुलदीप मौर्य अपनी डीलक्स मोटरसाइकिल से जा रहे थे। ग्राम निबोरिया के पास दोनों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पल्सर सवार इकबाल की बाइक अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर वहां खड़े एक ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे में इकबाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पल्सर सवार शमशाद और दूसरी बाइक के चालक हरिराम को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से एंबुलेंस द्वारा तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर बनी है।

उपनिरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि मृतक इकबाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story