कार और बोलेरो की भिड़ंत, एक की मौत व चार घायल
फिरोजाबाद, 29 मार्च (हि.स.)। थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को वैगनॉर कार और बोलेरो मैक्स के बीच हुई जोरदार टक्कर में मैनपुरी के एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र के चनौरा बाईपास रोड स्थित हाईवे पुल के पास रविवार को उस समय चीख पुकार मच गई। जब एक वैगनॉर कार और बोलेरो मैक्स के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वैगनाॅर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना रामगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी भिजवाया। जहां चिकित्सक ने प्रवीण उर्फ प्रेम पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी पीपालपुर थाना कुरावली मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी घायलों उदय कुमार पुत्र प्रदीप कुमार, प्रभु दयाल पुत्र दर्शन सिंह, पूनम पत्नी प्रभु दयाल, रेखा पत्नी राजू निवासी कुरावली मैनपुरी को भर्ती कर उपचार दिया। इस हादसे में बाेलेराे मैक्स चालक मनोज भी घायल है। हादसे के पीछे कारण तेज रफ्तार व लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर कार्यवाही कर रही है।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे का कहना है कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है। बाकी घायलों को उपचार के लिए भिजवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

