स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना-प्रदर्शन


स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना-प्रदर्शन


देवरिया, 03 मई (हि.स.)। देवरिया में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की जिला इकाई ने स्मार्ट मीटर के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष हरी नारायण चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक प्रतियां जलाकर विरोध जताया। इस दौरान एसडीओ अमित प्रताप हिंदू को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता और किसानों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। हरी नारायण चौहान ने कहा कि पहले जहां बिजली बिल लगभग 1500 रुपये आता था, वहीं अब वही बढ़कर 6000 से 7000 रुपये तक पहुंच रहा है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।

उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद किया जाए और बिजली विभाग पहले अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करे। साथ ही बिजली कटौती रोकने और जर्जर तारों को ठीक कराने की भी मांग उठाई गई। जिला प्रभारी नुएल होदा ने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने चाहिए और मीटरों की कार्यप्रणाली व बिलिंग प्रणाली की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

महासचिव मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर पारदर्शिता देने के बजाय जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं। प्रीपेड मीटर व्यवस्था, गलत रीडिंग, अत्यधिक बिलिंग और बिजली आपूर्ति में बाधा से उपभोक्ता परेशान हैं। इसके अलावा किसानों के नलकूपों पर लगाए जा रहे 4जी सिम आधारित स्मार्ट मीटरों को लेकर भी चिंता जताई गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याएं बढ़ रही हैं। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरने का संकल्प लिया। धरना-प्रदर्शन में रविंद्र चौहान, सुरेश कुमार, रामप्रसाद तिवारी, मनोज श्रीवास्तव, बंधन यादव व रविंद्र चौबे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story