गीता जयंती पर सीएसजेएमयू में गूंजे नित्य गीता स्वाध्याय के नारे,बनाई मानव श्रृंखला

WhatsApp Channel Join Now
गीता जयंती पर सीएसजेएमयू में गूंजे नित्य गीता स्वाध्याय के नारे,बनाई मानव श्रृंखला


कानपुर, 01 दिसंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में कल्याणपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता एवं वैदिक वांग्मय शोधपीठ ने श्रीमद्भगवद्गीता जयन्ती के शुभ मौके पर विश्वविद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला का भव्य आयोजन किया। यह जानकारी सोमवार को श्रीमद्भगवद्गीता एवं वैदिक वांग्मय शोधपीठ के समन्वयक डॉ.अमित कुमार ने दी।

श्रीमद्भगवद्गीता एवं वैदिक वांग्मय शोधपीठ के समन्वयक डॉ.अमित कुमार ने कहा कि मानव श्रृंखला में छात्र-छात्राओं सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न सदस्यों ने प्रतिभाग किया और नित्य गीता स्वाध्याय के प्रति जागरुकता फैलाते हुए मानव श्रृंखला की शुरूआत विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्युमैनिटीज एंड सोशल साइंस से हुआ और विभिन्न विभागों और संकायों से होते हुए इसका समापन सेंटर फॉर एकेडेमिक्स पर हुआ।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता हमें निष्काम कर्म, समत्व और कर्तव्य की प्रेरणा देती है। विश्वविद्यालय में मानव श्रृंखला का आयोजन विद्यार्थियों के व्यावहारिक जीवन में मूल्य शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक महाविद्यालय विकास परिषद के प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि आज ही के दिन लगभग 5100 वर्ष पूर्व भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को महाभारत के युद्ध के मैदान में भगवद् गीता का उपदेश दिया था । इसीलिए आज के दिन को गीता जयंती के रूप में भारत वर्ष में ही नहीं अपितु संपूर्ण विश्व में मनाई जाती है। गीता जयंती मनाने का उद्देश्य सामाजिक एवं मानसिक समस्याओं का समाधान करना है।

श्रीमद् भगवद् गीता एवं वैदिक वांङ्गमय शोधपीठ के के अनिल कुमार गुप्त ने बताया की भगवद् गीता में वर्तमान जीवन की तनाव मुक्त जीवन शैली, आहार विहार, प्रबंधन आदि के संबंध में सुंदर सूत्रों का प्रतिपादन किया गया है।

समाज सेवी विमलेश अवस्थी ने अपने उदबोधन में छात्रों को नित्य गीता स्वाध्याय के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भगवदगीता द्वारा वे व्यक्तित्व विकास एवं समय प्रबन्धन सीख सकते हैं।

गीता शोधपीठ के सह-समन्वयक उद्धव सुरेका ने सभी अतिथियों, शिक्षकगणों व विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्रों को भगवद्गीता के प्रेरणादायी मार्ग पर चलने का आग्रह किया।

इस मौके पर डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी, डॉ. प्रशान्त, डॉ. अभिषेक मिश्र, अनिल कुमार गुप्ता, अजय सिंह, शशिप्रभा अवस्थी, वैभव मिश्रा, अर्जेंट दुबे सहित हज़ारों की संख्या में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

Share this story