अवैध सम्बंध के शक में दबंगों ने युवक को पेड़ से बांधकर दी तालिबानी सजा, तीन गिरफ्तार

-एसपी ने थानाध्यक्ष और चाैकी इंचार्ज काे निलम्बित किया
जालौन, 22 अप्रैल (हि.स.)। गोहन थाना क्षेत्र में अवैध सम्बंध के शक में दबंगों ने एक युवक को पेड़ से बांधकर तालिबानी सजा दी। मंगलवार काे इसका वीडियाे सार्वजनिक हाेने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आराेपिताें काे गिरफ्तार कर लिया। मामले काे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने थानाध्यक्ष और चाैकी इंचार्ज काे निलम्बित कर दिया है।
गोहन थाना अंतर्गत ग्राम कासिमपुर में अवैध संबंधों के शक को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। मंगलवार को घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें युवक को रस्सियों से बांधकर पीटा जाता दिख रहा है।
साेशल मीडिया पर प्रसारित हाे रही खबर के अनुखार यह घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। कासिमपुर का रहने वाला सुजीत कुमार अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही मिठाई लाल, सुमित कुमार और भूरे ने उसे पकड़ लिया। इन लाेगाें ने सुजीत को रस्सियों से पेड़ से बांधा फिर उसे डंडों से बुरी तरह पीटा। युवक पर गांव की एक महिला से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए इन दबंगों ने उसे तालिबानी सजा दी है।
पीड़ित के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल गोहन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित युवक को छुड़ाकर गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया। तीनों आरोपित मिठाई लाल, सुमित कुमार और भूरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला और तूल पकड़ने लगा है।
क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ रामसिंह ने बताया कि इस प्रकार की घटना को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून काे हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई है।
पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने गोहन थाना क्षेत्र की इस अमानवीय घटना पर थानाध्यक्ष गोहन संजीव कुमार यती एवं हलका इंचार्ज एक उप निरीक्षक को तत्काल निलम्बित कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा