राम नवमी शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

WhatsApp Channel Join Now
राम नवमी शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों ने मोहा मन


राम नवमी शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों ने मोहा मन


राम नवमी शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों ने मोहा मन


जौनपुर, 27 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर राम नवमी के दिन शुक्रवार को नगर में युवा बजरंग दल के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट, रथ, डीजे, बैंड-बाजा और ढोल-ताशों के साथ आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम की पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। नगर के विभिन्न स्थानों पर हिंदू संगठनों द्वारा तोरण द्वार सजाए गए थे और भगवा ध्वजों से शहर को सजाया गया था। श्रद्धालु मार्ग के किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा करते हुए भगवान श्रीराम का स्वागत कर रहे थे। कई स्थानों पर आरती और पूजन भी किया गया।

यह शोभायात्रा अहियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा और ओलंदगंज होते हुए कजगांव पड़ाव तक पहुंची, जहां समापन स्थल पर भगवान श्रीराम की आरती की गई। मुख्य मार्गों पर विभिन्न समितियों द्वारा प्रसाद वितरण के लिए स्टॉल भी लगाए गए थे। कोतवाली चौराहे पर बनाए गए कंट्रोल रूम से शोभायात्रा का सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह और सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। शोभायात्रा का सफल संचालन बोल बम कांवड़िया संघ के पदाधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शहर के कई गणमान्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। बजरंग दल के अध्यक्ष रंजीत अग्रहरि और महासचिव संजीव चौरसिया ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story