भैया दूज पर डीएम और एसएसपी ने केसी घाट समेत यमुना घाटों का किया नौका विहार निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भैया दूज पर डीएम और एसएसपी ने केसी घाट समेत यमुना घाटों का किया नौका विहार निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश


भैया दूज पर डीएम और एसएसपी ने केसी घाट समेत यमुना घाटों का किया नौका विहार निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश


भैया दूज पर डीएम और एसएसपी ने केसी घाट समेत यमुना घाटों का किया नौका विहार निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश


मथुरा, 11 नवम्बर (हि.स.)। पावन पर्व यम द्वितीया (भैया दूज) के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से थाना वृंदावन क्षेत्रांतर्गत केसी घाट सहित अन्य प्रमुख यमुना घाटों का नौका विहार के माध्यम से सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने पर्व के अवसर पर यमुना स्नान के लिए देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में घाटों पर की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों तथा भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दृष्टिगत सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से यमुना स्नान कर सकें। इसके साथ ही, घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवागमन के मार्गों को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नाविकों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही नावों का संचालन करें और सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाएं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।

दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यम द्वितीया के पावन पर्व पर जनपद में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्व निभाने और पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story