बड़े मंगल पर कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में हुआ सुंदरकांड पाठ व भंडारा

WhatsApp Channel Join Now
बड़े मंगल पर कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में हुआ सुंदरकांड पाठ व भंडारा


बड़े मंगल पर कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में हुआ सुंदरकांड पाठ व भंडारा


देवरिया, 19 मई (हि.स.)। बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को जिले भर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद सुंदरकांड पाठ सम्पन्न हुआ और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में समरसता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी बड़े मंगल के अवसर पर धार्मिक आयोजन किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में सुंदरकांड पाठ हुआ। इसके बाद भंडारे में पुलिसकर्मियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। एसपी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में हमेशा सहयोग की भावना से कार्य करता है।

बड़े मंगल के अवसर पर बारीपुर मंदिर , हनुमान मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुंदरकांड पाठ, हनुमान पूजा और भंडारों का आयोजन हुआ। दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धार्मिक स्थलों पर उमड़ी रही। लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे जिले में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story