यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में ओमान होगा साझेदार देश

WhatsApp Channel Join Now
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में ओमान होगा साझेदार देश


नोएडा, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में स्थित इंडिया एक्सपो एंड मार्ट में सितंबर माह में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस साल ओमान पार्टनर देश के रूप में भागीदारी करेगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार को नई दिशा मिलेगी।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर एक बड़ी पहल हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने सल्तनत ऑफ ओमान को ट्रेड शो के चौथे संस्करण का पार्टनर कंट्री बनाने का औपचारिक प्रस्ताव दिया है। यूपी एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने नई दिल्ली में ओमान के राजदूत ईसा सालेह अब्दुल्ला सालेह अलशिबानी से मुलाकात की और इस संबंध में अनुरोध पत्र सौंपा।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशन (फियो) के डिप्टी डायरेक्टर रोहित तेजपाल ने बताया कि फियो पिछले तीन संस्करणों से लगातार प्रदेश के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ रहा है। इससे एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र को नए अवसर मिले हैं। इस पहल से उत्तर प्रदेश के उत्पादों के लिए ओमान सहित नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंच, निवेश की संभावनाओं और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर फियो के पदाधिकारियों समेत इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के उप निदेशक मोहित नोटा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story