शंकराचार्य का काम धर्म का प्रचार करना, न कि सरकार से लड़ना : ओम प्रकाश राजभर

WhatsApp Channel Join Now
शंकराचार्य का काम धर्म का प्रचार करना, न कि सरकार से लड़ना : ओम प्रकाश राजभर


सुलतानपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि शंकराचार्य का काम धर्म का प्रचार-प्रसार करना है, लोगों को उस धर्म से जोड़ना है। संत महात्मा अगर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के खिलाफ बोल रहे हैं तो अपने दायरे से हटकर बोल रहे हैं। उन्होंने कहा शंकराचार्य को सत्ता के खिलाफ बयान देने से बचना चाहिए। सरकार ने उनका कौन सा नुकसान कर दिया है। आप कानून अपने हाथ में लेंगे तो कानून अपना काम करेगा।

वह जिले में शनिवार को समन्वय समिति की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए शंकराचार्य विवाद पर बयान दिया। उन्होंने कहा शंकराचार्य का काम ये नहीं कि वो मुख्यमंत्री से लड़े, उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करें। प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी देना। उन्होंने कहा हम मान लेते हैं इस बार उनके खिलाफ कार्रवाई ग़लत हुई, लेकिन 1990 में समाजवादी पार्टी की सरकार में उनके खिलाफ एफआईआर क्यों हुई। क्यों उन्हीं के खिलाफ होता है और भी तो शंकराचार्य हैं।

कथित शराब घोटाले मामले में केजरीवाल और सिसौदिया आदि के बरी होने के सवाल पर उन्होंने कहा चाहे सीबीआई हो,चाहे ईडी हो ये स्वतंत्र एजेंसी है। जब उसको कोई एप्लिकेशन देता है तो वो जांच करती है। इससे सरकार का क्या लेना देना है। सरकार अगर कोई मुकदमा लिखाए तब तो सरकार दोषी है। जब ख़ुद एजेंसी मुकदमा लिखा रही है,वो कोर्ट में साबित नहीं कर पा रही है तो उसमें सरकार का क्या दोष है। ऐसे अधिकारी जो भ्रष्ट काम कर रहे हैं उन पर कार्रवाई होना चाहिए, हम इसके पक्षधर हैं।

पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने फिर कहा है कि 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन होने जा रहा है। लोगों में जो भ्रम की स्थिति है,वो ये कि एसआईआर में सारे अधिकारी लगे हुए हैं। बोर्ड परीक्षा चल रही है। जनगणना सामने है इसको लेकर लोगों में भ्रम है। चुनाव समय पर होगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story