बीमारी से परेशान ड्राइवर ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
बीमारी से परेशान ड्राइवर ने फांसी लगाकर दी जान


औरैया, 16 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के बिधूना कस्बे के अंबेडकर नगर में सोमवार रात एक 62 वर्षीय वृद्ध ड्राइवर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

मृतक की पहचान राजू ड्राइवर (62 वर्ष) पुत्र जमील खान निवासी अंबेडकर नगर, बिधूना के रूप में हुई है। राजू रोजाना घर के बाहर सोते थे, लेकिन सोमवार रात बारिश की आशंका होने पर वह पास स्थित एक पुराने मकान में सोने चले गए। देर रात उन्होंने अपने गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बिधूना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजू पिछले करीब दस वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। लगातार इलाज के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा था, जिससे वह काफी परेशान रहते थे।

मृतक अपने पीछे पत्नी अख्तरी बेगम, पुत्र शादाब तथा पुत्रियां मुस्कान और शबनम को छोड़ गए हैं।

कोतवाल विनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। परिजनों द्वारा बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या किए जाने की बात बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story