खेत में मिला वृद्धा का शव, गले में कसा था गमछे का फंदा; मौत की गुत्थी उलझी

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मिला वृद्धा का शव, गले में कसा था गमछे का फंदा; मौत की गुत्थी उलझी


गोबर डालने खेत पहुंचे बेटे ने मां का शव देखा तो मची चीख-पुकार,

एएसपी समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे,फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

फर्रुखाबाद,16 नवंबर (हि.स.)।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव भंगौरा में सोमवार को खेत में वृद्धा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के गले में गमछे का फंदा कसा हुआ था और शव जमीन पर पड़ा था। खेत में गोबर डालने पहुंचे पुत्र ने मां को मृत अवस्था में देखा तो उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

गांव निवासी राममूर्ति (पत्नी स्व. रामविलास) सोमवार को खेत में मृत मिलीं। बताया गया कि उनका पुत्र नन्हे खेत में गोबर डालने के लिए गया था। वहां पहुंचते ही उसकी नजर मां के शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो उनके गले में गमछे का फंदा कसा हुआ था। मां को इस हालत में देखकर नन्हे बदहवास हो गया और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी बलराम मिश्रा तथा उपनिरीक्षक गीतम सिंह और सत्यनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। जिला पंचायत सदस्य यशवीर आर्य भी मौके पर पहुंचे।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पीआरवी-112 के माध्यम से खेत में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो महिला के गले में गमछा कसा हुआ था। फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

वृद्धा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उनके पुत्र रामशरण, आसाराम, मुकेश, मानसिंह और नन्हे का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल महिला की मौत रहस्य बनी हुई है। गले में गमछा कसा होने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने खुदकुशी की या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778302 Articles

Share this story