छह महीने से बंद है राशन कार्ड बनाने की साइट, पुराने कार्ड काटने का सिलसिला जारी
बाराबंकी 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रामनगर नगर क्षेत्र में नए राशन कार्ड बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया पिछले छह महीने से ठप पड़ी है। इसके चलते सैकड़ों पात्र परिवार सरकारी राशन योजना का लाभ पाने के लिए भटकने को मजबूर हैं। जरूरतमंद परिवार नए राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कराकर संबंधित दस्तावेज पूर्ति विभाग में जमा कर चुके हैं, लेकिन विभागीय कार्यालय पहुंचने पर उन्हें साइट बंद होने का हवाला देकर वापस कर दिया जाता है।
हैरानी की बात यह है कि एक ओर नए राशन कार्ड बनाने की ऑनलाइन सुविधा बंद है, वहीं दूसरी ओर पुराने राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि तीन महीने तक राशन न लेने वाले कार्डधारकों के राशन कार्ड ऑनलाइन काटे जा रहे हैं। ऐसे में पात्र परिवारों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब पुराने कार्ड निरस्त करने की ऑनलाइन व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है तो नए राशन कार्ड बनाने की सुविधा क्यों बंद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जरूरतमंद परिवार ऐसे हैं, जो पात्रता की सभी शर्तें पूरी करते हैं, लेकिन राशन कार्ड न होने के कारण सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। आवेदन करने के बाद भी उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे लोगों को बार-बार पूर्ति विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर अनुज सिंह ने बताया कि शासन के मंशानुरूप सभी कार्य किए जा रहे हैं। किसी को कोई परेशानी है तो वह कार्यालय आकर उनसे बात कर सकता है। विभाग से संबंधित सभी जानकारियां वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

