पुरानी पेंशन योजना की यथावत बहाली हो : डॉ सुनीत गिरि

WhatsApp Channel Join Now
पुरानी पेंशन योजना की यथावत बहाली हो : डॉ सुनीत गिरि


मुरादाबाद, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट का एक दिवसीय धरना शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय मुरादाबाद के परिसर में हुआ। मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य तथा वरिष्ठ शिक्षक नेता डॉ सुनीत गिरी ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की यथावत बहाली हो, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतनमान की नीति को लागू करते हुए एक सेवा आयोग का गठन हो, तदर्थ शिक्षकों की पेंशन बहाली की जाए।

डॉ सुनीत गिरी ने इसके साथ ही सेवानिवृत्ति हुए शिक्षक शिक्षिकाओं के लम्बित देयकों के तुरंत भुगतान की मांग, ग्रीष्म अवकाश में जनगणना कर रहे शिक्षकों को उपार्जित अवकाश तथा रविवार को करवाई जा रही परीक्षाओं के लिए प्रतिकार अवकाश प्रदान किए जाने की माँग रखी।

अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव कुमार पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा की जा रही शिक्षकों की अनदेखी तथा विभिन्न मांगों के संदर्भ में पूरे प्रदेश में प्रादेशिक नेतृत्व के आवाहन पर शिक्षक शिक्षिकाएं धरना दे रहे हैं।

संचालन करते हुए जिला मंत्री पुष्पेश मिश्र ने कहा कि एनपीएस में कट रहा अंशदान शिक्षकों के खाते में प्रदर्शित नहीं हो रहा है, तथा विभिन्न प्रकरणों और देयकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय में लंबित रखा जाता है। साथ ही मांग रखी कि शिक्षकों का वेतन प्रत्येक माह की 1 तारीख को उनके खातों में पहुंच जाना चाहिए।

धरने को सम्बोधित करने वाले प्रमुख वक्ताओं में सलिल मोहन, अनिल चौहान, पुष्पेश मिश्र, आफताब आलम, अनिल कुमार, डॉ राखी रस्तोगी, मयंक त्यागी , अरशद अली , राकेश वर्मा,राजीव कुमार शर्मा आदि रहे। अंत में एक ज्ञापन जनपदीय समस्याओं से संबंधित तथा एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे को दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story