अंबेडकर पार्क में वृद्ध ने चाकू से काटा गला, हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर पार्क में वृद्ध ने चाकू से काटा गला, हालत गंभीर


झांसी, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर पार्क में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वृद्ध ने बाबा साहब की प्रतिमा को नमन करने के बाद चाकू से अपना गला काट लिया। घटना के बाद पार्क परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार मच पाटिया गांव निवासी 55 वर्षीय रामसिंह अहिरवार दोपहर के समय पार्क पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रामसिंह ने पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने सिर झुकाकर श्रद्धा व्यक्त की। इसके कुछ ही क्षण बाद उन्होंने अपने पास मौजूद चाकू से अचानक अपना गला रेत लिया। देखते ही देखते वहां खून बहने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी बलिराज शाही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल वृद्ध को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग वृद्ध के इस कदम को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story