दिशा की बैठक में गैरहाजिर रहे अधिकारियाें से सांसद खफा

WhatsApp Channel Join Now
दिशा की बैठक में गैरहाजिर रहे अधिकारियाें से सांसद खफा


मुरादाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद लोकसभा सांसद कुंवरानी रुचि वीरा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। जिसमें क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के साथ-साथ बीएसएनएल और पर्यावरण से जुड़े अधिकारी गैरहाजिर रहे। जिस पर सांसद ने जिलाधिकारी अनुज सिंह को निर्देशित किया की इन सभी गैरहाजिर अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जाए।

टीबी रोग उन्मूलन के संबंध में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान एवं रोगियों को चिन्हित करने से सम्बंधित अभियान की सफलता के संबंध में समीक्षा के दौरान सांसद ने सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह से पोर्टेबल अत्याधुनिक मशीनों की जिले में उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में 01 मशीन उपलब्ध है। जिस पर सांसद ने कहा कि मुरादाबाद जिले की जनसंख्या के अनुरूप कम से कम 10 मशीनें उपलब्ध हों इसलिए शासन को प्रस्ताव भेजें ताकि टीबी रोगियों को चिन्हित करने में मदद मिले और उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सत्यापन एवं अन्य कार्यों के बारे में उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। बीएसए ने पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया, जिस पर सांसद ने कहा कि निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गरीब परिवारों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ा जाए। एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि ऐसे बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का कोई भेदभाव न होने पाए इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

जनपद में एलपीजी की उपलब्धता की स्थिति के बारे में उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में 57 गैस एजेंसी हैं, जिनके माध्यम से शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत लम्बित कार्यों के बारे में उन्होंने अधिशासी अभियंता जल जीवन मिशन ग्रामीण से जानकारी प्राप्त की। साथ ही जिलाधिकारी से कहा कि आगामी एक सप्ताह में एजेंसियों के साथ बैठक कराकर लम्बित कार्यों को गति प्रदान करने के दौरान आने वाली समस्याओं को चिन्हित किया जाए ताकि पेयजल की आपूर्ति और रोड रेस्टोरेशन में तेजी लाई जा सके।

जनपद में गठित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में उपयुक्त स्वतः रोजगार ने विस्तृत जानकारी दी। सांसद ने कहा कि समूह से जुड़कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाए ताकि उनसे प्रेरित होकर अन्य महिलाएं भी आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story