गोरखपुर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में योग दिवस पर दिखा उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में योग दिवस पर दिखा उत्साह


गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयुष विभाग के योगाचार्य ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। योगाचार्य ने सबसे पहले योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी कम होता है।

उन्होंने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति जैसे कई महत्वपूर्ण योगासन कराते हुए जवानों को सही तकनीक से अभ्यास करने की जानकारी दी।

इस दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन, एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित सभी क्षेत्राधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी बेहद चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग उनके लिए अत्यंत आवश्यक है। योग के माध्यम से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक संतुलन भी बना रहता है, जिससे कठिन परिस्थितियों में भी बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परेड ग्राउंड में अनुशासन और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। जवानों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story