अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: गोरखपुर सदर तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योग

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: गोरखपुर सदर तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योग


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: गोरखपुर सदर तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योग


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: गोरखपुर सदर तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योग


गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सदर तहसील प्रांगण में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें आयुष विभाग से जुड़े योग प्रशिक्षक सुधाकर ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर तहसील के कर्मचारियों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के महत्व को समझते हुए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह के समय हुई, जहां योग प्रशिक्षक ने सबसे पहले सभी को योग के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम भी है।

उन्होंने विभिन्न आसान योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है, शरीर स्वस्थ रहता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

इस दौरान एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह सहित नायब तहसीलदारगण, कानूनगो, लेखपाल और अन्य पटल प्रभारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

अधिकारियों ने कहा कि योग आज के भागदौड़ भरे जीवन में अत्यंत आवश्यक हो गया है। नियमित योगाभ्यास से न केवल बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि व्यक्ति मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में इसे मनाया जाना भारत के लिए गर्व की बात है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।

सदर तहसील परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी किया। अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, ताकि एक स्वस्थ और निरोग समाज का निर्माण हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story