परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे अधिकारी
अनुदेशक और शिक्षामित्रों की उपस्थिति का होगा सत्यापन
मुरादाबाद, 16 मई (हि.स.)। अनुदेशकों और शिक्षामित्रों की उपस्थिति का सत्यापन होगा। परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर अधिकारी नहीं बैठेंगे। यह निर्णय शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा की डिस्ट्रिक टास्क फोर्स की बैठक में लिया गया।
बैठक में एआरपी की उपस्थिति सुनिश्चित न कराने पर डीएम ने बीएसए को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के बाहर डीएम, एसएसपी, सीडीओ सहित अन्य अधिकारियों के नंबर लिखवाए जाएं। विद्यालयों में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों उपस्थिति को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं। 15 दिनों में उनकी उपस्थिति का सत्यापन कराया जाए।
समीक्षा में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बालिकाओं की कम उपस्थिति कम मिली। जिस पर भगतपुर, मुरादाबाद, ठाकुरद्वारा, डिलारी और छजलैट के विद्यालयों की वार्डन को स्पष्टीकरण और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को चेतावनी नोटिस जारी करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण के लिए नामित अधिकारी निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।
इस दौरान सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, जॉइंट मजिस्ट्रेट शक्ति दुबे, डीआईओएस देवेंद्र पांडे, बीएसए विमलेश कुमार, डीपीआरओ आलोक शर्मा आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

