जेवर एयरपोर्ट से मुरादाबाद मंडल के ओडीओपी और पर्यटन को मिलेगी 'ग्लोबल' उड़ान

WhatsApp Channel Join Now
जेवर एयरपोर्ट से मुरादाबाद मंडल के ओडीओपी और पर्यटन को मिलेगी 'ग्लोबल' उड़ान


मुरादाबाद के पीतल, बिजनौर की काष्ठ कला और रामपुर के जरी वर्क का निर्यात होगा आसान

मुरादाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकार्पित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि समूचे मुरादाबाद मंडल के लिए तरक्की का नया सूरज लेकर आया है। जेवर एयरपोर्ट से मुरादाबाद मंडल के ओडीओपी और पर्यटन को 'ग्लोबल' उड़ान मिलेगी।

शुरुआती 1.2 करोड़ वार्षिक यात्री क्षमता और 2.5 लाख टन कार्गो क्षमता वाले इस अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शुरू होने से मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल जिलों की तस्वीर बदलने वाली हैं। स्थानीय उत्पादों (ओडीओपी) को वैश्विक बाजार मिलने, दिल्ली के जाम से छुटकारा और विदेशी खरीदारों की आसान पहुंच से पूरे मंडल में व्यापार, कृषि, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन को अप्रत्याशित रफ्तार मिलेगी। यह एयरपोर्ट मुरादाबाद मंडल को 'लोकल से ग्लोबल' बनाने की दिशा में सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल के उत्पादों को जेवर एयरपोर्ट से सीधे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उड़ान मिलेगी। मुरादाबाद के जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार का कहना है कि जेवर एयरपोर्ट बनने से मंडल की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। इससे दिल्ली के जाम से निजात मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय यात्राएं करने वाले लोगों का समय बचेगा।

अमेरिका और यूके में लकड़ी, धातु, पीतल, फैब्रिक और लेदर के उत्पादों का निर्यात करने वाले पीतल नगरी मुरादाबाद की सुप्रसिद्ध हैंडीक्राफ्ट निर्यातक संदीप (संजीव) बताते हैं कि अभी तक दिल्ली के जरिए माल भेजने में जाम की भारी समस्या थी, लेकिन अब जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से जाम से बचाव होगा और सप्लाई चेन में तेजी आएगी।

होम डेकोरेटिव और हैंडीक्राफ्ट के एक अन्य निर्यातक सुहैल का भी मानना है कि जेवर एयरपोर्ट से माल भेजने में एक से डेढ़ घंटे की बचत होगी और विदेशी खरीदारों के लिए भी सीधे मुरादाबाद आना बेहद आसान हो जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story