घट स्थापना के साथ चैत्र नवरात्र प्रारम्भ, पहले दिन मां शैलपुत्री की हुई आराधना
मुरादाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गुरुवार को भक्तों ने मां शैलपुत्री की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। घर-घर में घट स्थापना की गई। तड़के से ही लोगों ने मंदिर पहुंचना शुरू कर दिया। प्रमुख मंदिरों के कपाट खुलने से पहले ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई। घंटे और मातारानी के जयकारों के साथ भक्तों ने दर्शन किये।
लालबाग स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री काली माता मंदिर में आज से नौ दिवसीय मेला शुरु हो गया। भीड़ के कारण काली श्री माता मंदिर सहित कई मंदिर दोपहर दो बजे तक खुले रहे। शाम को फिर चार बजे के बाद से भीड़ पहुंचनी शुरु हो गई।
गुरुवार को सुबह घट स्थापना के साथ की चैत्र नवरात्र आरम्भ हो गए। तड़के से मंदिरों में भीड़ रही। रेलवे कॉलोनी स्थित मनोकामना श्री हनुमान मंदिर में सुबह मुख्य पुजारी हरिदत्त शास्त्री ने यज्ञ कराया। इसके साथ ही मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। सभी की पिछले द्वार से प्रवेश और मुख्य द्वार से निकासी कराई गई। इसके अलावा माता मंदिर लाइनपार, अन्नपूर्णा मंदिर साहू मौहल्ला, दुर्गा मंदिर बुद्ध बाजार, गीता ज्ञान मंदिर कोठीवाल नगर, प्राचीन दुर्गा माता मंदिर कोर्ट रोड, वैष्णो माता मंदिर कचहरी आदि जिलों के विभिन्न मंदिरों में सुबह से भीड़ उमड़ी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

