एनटीपीसी दिबियापुर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां परखीं

WhatsApp Channel Join Now
एनटीपीसी दिबियापुर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां परखीं


औरैया, 22 नवंबर (हि.स.)। युद्ध, हवाई हमले और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को एनटीपीसी दिबियापुर में जिला प्रशासन के सहयोग से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। शासन के निर्देश पर हुए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी परिसर में इमरजेंसी सायरन बजाया गया। सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद गेल इंडिया लिमिटेड की दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पानी और फोम का इस्तेमाल कर आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं, हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई भी की गई।

ब्लैकआउट का सायरन बजते ही नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और वार्डनों ने अपनी निर्धारित चौकियों पर मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर लोगों को घरों के भीतर रहने, सभी लाइटें बंद रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने के प्रति जागरूक किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी स्थान से रोशनी बाहर दिखाई न दे।

इस अभ्यास में जिला प्रशासन, एनटीपीसी, गेल इंडिया लिमिटेड समेत विभिन्न विभागों के सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। पुलिस, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, आपदा मित्र, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

मॉक ड्रिल के समापन पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य महज औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तंत्र की तत्परता और कार्यक्षमता को परखना और मजबूत करना है। संकट के समय बेहतर आपसी समन्वय, त्वरित निर्णय और निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन बेहद जरूरी है। इससे जन-धन की हानि को कम करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाया जा

सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story