एडी बेसिक को मान्यता लंबित रखने के मामले में नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
एडी बेसिक को मान्यता लंबित रखने के मामले में नोटिस


मुरादाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद के मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने मंगलवार काे निजी स्कूलों की मान्यता लंबित रखने के मामले में मुरादाबाद मंडल के चार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी किए।

मान्यता प्रकरण 30 दिन में निपटाने होते हैं, जबकि कई ऐसे मामले हैं, जो दो महीने से भी ज्यादा समय से लंबित हैं। पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मान्यता मुरादाबाद में लंबित होने के कारण यहां के सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) को नोटिस जारी किए गए हैं।

एडी बेसिक का कहना है कि चार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर निदेशालय को भेजा जा रहा है।

शिक्षा निदेशक बेसिक अनिल भूषण चतुर्वेदी द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को मान्यता दिए जाने के लिए प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

डाटा के अनुसार अधिक संख्या में प्रकरण जनपदीय, मंडलीय समिति पर डिफाल्टर प्रदर्शित हो रहे हैं जो शासनादेश का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। बीते दिनों पत्र भेजकर प्रकरणों को लंबित रखने के संबंधी में स्पष्टीकरण उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराए गए।

उन्होंने एडी बेसिक से निर्धारित सीमा में प्रकरण निस्तारित नहीं करने का स्पष्टीकरण मांगा है।

सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक दिनेश यादव ने बताया कि बीच में कुछ समय के लिए पोर्टल बंद हो गया था, इसलिए भी समय सीमा बढ़ गई। सभी मामले मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा व संभल जनपदों से ही संबंधित हैं। निदेशक के निर्देशानुसार सभी चारों बीएसए को नोटिस भेज कर स्पष्टीकरण का जवाब देने के लिए कहा गया है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story