रामलीला मैदान में गंदगी मिलने पर सफाई नायक को नोटिस, कर्मचारी का वेतन रोका

WhatsApp Channel Join Now
रामलीला मैदान में गंदगी मिलने पर सफाई नायक को नोटिस, कर्मचारी का वेतन रोका


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को जोन-6 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आशादेवी मंदिर के पास रामलीला मैदान में गंदगी मिलने पर सफाई नायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक कर्मचारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आशादेवी मंदिर के पीछे खाली प्लॉट में कूड़ा मिला। नगर आयुक्त ने कानपुर विकास प्राधिकरण से समन्वय कर जमीन के अभिलेखों की जांच कराने और मंदिर के पहुंच मार्ग का निर्माण कराकर सुंदरीकरण करने को कहा। रामलीला मैदान में सफाई की स्थिति खराब मिलने पर नाराजगी जताई। तत्काल सफाई कराकर फोटो साझा करने और दशहरा तक नियमित सफाई के निर्देश दिए। मैदान में दोबारा कूड़ा फेंकने से रोकने के लिए राजस्व निरीक्षक और प्रवर्तन दल की तैनाती करने को कहा।

बगिया क्रॉसिंग से केसा आवास विकास तक सीएम ग्रिड सड़क के निरीक्षण में अक्टूबर के अंत तक सभी कार्य पूरे कर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए। आवास विकास कल्याणपुर डबल रोड के अंतिम छोर पर दोबारा गंदगी मिलने पर सफाई नायक राकेश को नोटिस और कर्मचारी महेंद्र का एक दिन का वेतन रोकने को कहा। ग्रीन बेल्ट में ग्रिल लगाने का काम भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

पनकी भवसिंह स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट में सड़क पर कूड़ा मिलने और जल निकासी बाधित होने पर नाराजगी जताई। क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और सफाई के निर्देश दिए। संबंधित कंपनी को दो दिन में कूड़ा हटाने की चेतावनी देते हुए ऐसा न करने पर प्रतिदिन प्रति गाड़ी 50 हजार रुपये जुर्माना लगाने को कहा। पांच दिन में क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत पूरी करने और लीगेसी वेस्ट प्लांट को पीछे से हटाकर सामने स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story