उत्तर क्षेत्रीय किसान मेले में पुष्प प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
दो दर्जन से अधिक पुष्प किस्मों का प्रदर्शन
बांदा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के उद्यान महाविद्यालय के पुष्प एवं भूदृश्य निर्माण विभाग की ओर से क्षेत्रीय किसान मेला में पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में बुंदेलखंड की जलवायु में सफलता पूर्वक लगाए जाने वाले एवं घर की बागवानी को सुगंधित और सुसज्जित करने के लिए लगाए जाने वाले अलंकृत पौधों को प्रदर्शित किया गया। जिनमें मुख्य रूप से गेंदा, ग्लेडियोलस, रजनीगंधा, गुलाब, स्वीट विलियम, स्वीट अलाईसम, बोगेनवेलिया, स्टॉक, डॉग फ्लावर, वरबीना, डिमोरफोथेका, कैलेंडुला, जैसे फूलों को दिखाया गया।घर के अंदर लगाए जाने वाले पौधे जैसे स्नेक प्लांट, रोहिओ, एरिका पाम, जैसे पौधों को भी प्रदर्शित किया गया।
विभाग के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि इन पौधों को थोड़ी से सावधानी और ध्यान रखने पर घर की बगिया महकाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि इन पौधों की नर्सरी विभाग में तैयार की जाती है जिसे अक्टूबर, नवंबर में खरीदा जा सकता है। इसे लगाए जाने की तकनीकी जानकारी भी विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाती है।
विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ अमित कनोजिया ने बताया कि गेंदा और रजनीगंधा जैसे फूलों की व्यावसायिक खेती भी की जा सकती है और किसान भाई इससे आर्थिक लाभ ले सकते हैं और आय बढ़ा सकते है। विभाग के एमएससी एवं पीएचडी के छात्र छात्राओं ने काफी उत्साहित होकर इस प्रदर्शनी को सफल बनाने में सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

