गर्मी से जनजीवन बेहाल, बारिश की कामना से पाटन देवी व डीह बाबा का विशेष श्रृंगार व पूजन
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव में रविवार को अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और गांव की खुशहाली की कामना के साथ मां पाटन देवी एवं डीह बाबा का विशेष श्रृंगार और पूजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने भगवान इंद्र को प्रसन्न करने और समय पर अच्छी बारिश होने की प्रार्थना करते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की।
गांव के तालाब स्थित मां पाटन देवी मंदिर तथा भीखीपुर स्थित डीह बाबा स्थल पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित पंकज मिश्र ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इसके बाद हवन, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत ग्रामीणों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए पूरे गांव की परिक्रमा भी की और क्षेत्र की समृद्धि व सुख-शांति की मंगलकामना की।
पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। इस अवसर पर कैलाश नाथ मिश्र (कल्लू गुरु), ओंकार नाथ मिश्र, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, संतोष सिंह, चंदन सिंह, महेंद्र, अखिलेश सिंह गौतम, रूपेश सिंह, राकेश, अनय मिश्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने अच्छी वर्षा और गांव की खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की।

