भू माफियाओं के खिलाफ नोएडा पुलिस का कड़ा एक्शन, एक वर्ष मे 5,903 करोड़ की जमीन कराई मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
भू माफियाओं के खिलाफ नोएडा पुलिस का कड़ा एक्शन, एक वर्ष मे 5,903 करोड़ की जमीन कराई मुक्त


नोएडा, 08 जून (हि.स.)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा, सेंट्रल और ग्रेटर नोएडा जोन में करोड़ों की जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। पुलिस ने नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन में करीब 13.25 लाख वर्ग गज सरकारी और विभिन्न प्राधिकरणों की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई जमीन की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5,903 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाइयों को 2025 से 2026 की सबसे बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे एक्शन जारी रहेंगे।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सोमवार को एक विज्ञप्ति साझा करते हुए उक्त जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि उसकी ओर से सरकारी भूमि के साथ प्राधिकरणों की जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसमें भू-माफियाओं की ओर से कब्जाई जमीनों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई और 5,903 करोड़ रुपये की 13.25 लाख वर्ग गज भूमि को खाली कराया गया।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में फोर्स की मौजूदगी में नोएडा जोन, सेंट्रल नोएडा जोन और ग्रेटर नोएडा जोन में कुल 13,25,960 वर्ग गज जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 5,903 करोड़ 95 लाख 50 हजार रुपये है।

यह अभियान सरकारी और प्राधिकरण की बहुमूल्य भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने, भू-माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चलाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने की इस व्यापक कार्रवाई से विकास परियोजनाओं के लिए जमीन पुनः उपलब्ध हो सकी है। इससे कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।

अब तक नोएडा जोन में पुलिस फोर्स की मदद से 15,000 वर्ग गज जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 58 करोड़ रुपये है। सेंट्रल नोएडा जोन में सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 8,89,127 वर्ग गज भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इस भूमि की अनुमानित कीमत 5009 करोड़ 68 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा जोन में 4,21,833 वर्ग गज जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 836 करोड़ 27 लाख रुपये है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में केस दर्ज किए गए हैं।। पुलिस भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार कड़ी से कड़ी कानूनी कर रही है।

पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पुलिस आयुक्त की अगुवाई में चलाया जा रहा यह अभियान सरकारी और प्राधिकरणों की जमीन को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में भी अवैध कब्जों के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस और प्रशासन किसी भी प्रकार के अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story