नोएडा में हुई आगजनी और तोड़फोड़ में दोषी पाए जाने वालों से वसूली जाएगी रकम : डीजीपी

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा में हुई आगजनी और तोड़फोड़ में दोषी पाए जाने वालों से वसूली जाएगी रकम : डीजीपी


लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण और अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने सोमवार की शाम पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉफ्रेसिंग की। दोनों अधिकारियों ने नोएडा के समस्त पुलिस अधिकारियों को जिले की कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा निर्देश दिए। सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहते हुए मोबाइल के माध्यम से वीडियो कॉफ्रेसिंग में शामिल हुए।

डीजीपी ने निर्देश में कहा कि श्रमिकों के साथ सहानभूतिपूर्ण एवं निरंतर संवाद बनाए रखा जाए। किसी भी स्थिति भी संयम न खोए। अराजकता फैलाने, आगजनी एवं तोड़फोड़ करने, अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।डीजीपी ने कहा कि यूपी पुलिस की प्राथमिकता है कि प्रत्येक स्थिति का समाधान शांति, संवाद और संवेदनशीलता के साथ निकाला जाए। हम श्रमिक भाई—बहनों से अपील करते है कि वे भी पूर्ण शांति एवं संयम बनाए रखे। राज्य सरकार श्रमिक बंधुओं के हितों के प्रति पूर्णत: संवेदनशील है। सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान के लिए कृत संकल्प हैं, किंतु जो असामाजिक तत्व जानबूझकर अराजकता फैलाने सार्वजनिक एवं निजी संपति को क्षति पहुंचाने तथा हिंसा आगजनी के षडयंत्र में लिप्त पाए जाएंगे उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त संपति की वसूली की जाएगी।

डीजीपी ने कहा कि आमजन को आश्वस्त करता हूं कि स्थिति नियंत्रण में है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। अधिकारी पल-पल की नजर रख रहे हैं। यूपी पुलिस शांति सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story