चरवाहे का नहीं लगा सुराग, गोताखोर टीम ढूंढने में जुटी
हमीरपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के चंद्रावल नदी में डूबने वाले चरवाहा का रविवार को कोई सुराग नहीं लग सका है इससे परिजन मायूस हैं और तलाश करने आई पीएसी बल की गोताखोर टीम नदी में लगातार खोजबीन कर कर रही है। बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए गोताखोर टीम को सफलता नहीं मिल पा रही है।
मौहर निवासी भगवानदीन निषाद 55 वर्ष अपने भैसें चराने के लिए चंद्रावल नदी किनारे गया था। भैंसों को अचानक नदी पार कर जाने से यह भैंसों को वापस लाने के लिए कपड़े उतारकर उफनाती नदी में उतर गया तेज बहाव के चलते यह नदी पार नहीं कर सका और डूब गया। शाम को जब भैसें और चरवाहा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन रात में कोई सुराग नहीं लगा। सुबह पुत्र रामबाबू ने पिता के कपड़े लाठी जूते आदि नदी किनारे रखे पाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर कैथी पुलिस चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चरवाहा के नदी में डूब जाने की आशंका के मद्देनजर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
सुमेरपुर थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने मुख्यालय से पीएसी बल की गोताखोर टीम को बुलाकर चरवाहे की खोज में मौहर से लेकर कैथी गांव तक के आगे तक कराई लेकिन शनिवार की शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। रात होने पर खोजबीन बंद कर दी थी। रविवार सुबह से पीएसी बल की गोताखोर टीम लगातार चरवाहे की खोजबीन कर रही है लेकिन समाचार भेजे जाने तक चरवाहे का सुराग नहीं लग सका है। रविवार को शाम 5 बजे कैथी चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बताया कि वह पीएसी बल की आधा सदस्यीय टीम के साथ स्टीमर में बैठकर खुद तलाश कर रहे हैं लेकिन अभी तक सुराग हाथ नहीं लग सका है। टीम के साथ गांव के प्रधान राममिलन निषाद भी मौजूद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

